Tuesday 17th of September 2024

दुनिया का दुर्लभ कीड़ा: 5 ग्राम वजन और कीमत 75 लाख,जानें क्यों स्टैग बीटल के दीवाने हैं लोग

Reported by: PTC Bharat Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  July 09th 2024 03:47 PM  |  Updated: July 09th 2024 03:47 PM

दुनिया का दुर्लभ कीड़ा: 5 ग्राम वजन और कीमत 75 लाख,जानें क्यों स्टैग बीटल के दीवाने हैं लोग

ब्यूरो: आप अपने जीवन में कभी न कभी कीड़ों से जरुर परेशान हुए होंगे। जिसकी वजह से आप कीड़ों को मारने के लिए कई तरह के तरीके भी अपनाते होंगे। लेकिन दुनिया में एक कीड़ा ऐसा भी है जिसे लोग अपने घरों में रखना चाहते हैं और ऊंची कीमतों में खरीदते भी है। स्टैग बीटल नामक यह कीड़ा दुनिया के सबसे महंगे कीड़ों में से एक है। एक स्टैग बीटल कीड़े की कीमत 75 लाख रुपए तक होती है।

क्यों महंगा है यह कीड़ा

स्टैग बीटल कीड़े की खासियत ही इसे इतना महंगा बनाती हैं। कई लोग इसे अपना लकी चार्म भी मानते हैं। ये कीड़ा काफी दुर्लभ है और इसका उपयोग दवाइयों में भी किया जाता है। लोगों का मानना है कि स्टैग बीटल कीड़े को घरों में रखकर रातों-रात अमीर बना जा सकता है। ऐसे में कुछ लोग इन कीड़ों के लिए मनचाहे दाम देने के लिए तैयार रहते हैं।

साइंटिफिक डेटा जर्नल ने एक रिसर्च में बताया कि स्टैग बीटल कीड़े वन पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण सैप्रॉक्सिलिक समूह के प्रतिनिधि हैं। इसकी वजन की बात करें तो लंदन स्थित नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के अनुसार एक स्टैग बीटल कीड़े का सामान्य वजन 2 से 6 ग्राम के बीच होता है। इन कीड़ों का औसत जीवनकाल 3 से 7 साल का होता है। नर स्टैग बीटल 35-75 मिमी लंबे होते हैं, जबकि मादा 30-50 मिमी लंबी होती है। ये अपने बढ़े हुए जबड़े के लिए जाने जाते हैं, साथ ही नर स्टैग बीटल बहुरूपता के लिए भी जाने जाते हैं।

युद्ध करते हैं नर स्टैग बीटल  

स्टैग बीटल कीड़ों के जबड़े हिरण की सींग की तरह होते हैं, जिसके आधार पर इनका नाम रखा गया है। नर स्टैग बीटल प्रजनन के मौसम में मादा स्टैग बीटल पर अधिकार जमाने के लिए अपने मजबूत जबड़ों से लड़ाई भी करते हैं। इनकी कीमत लाखों में होती है क्योंकि स्टैग बीटल दुर्लभता और सांस्कृतिक मान्यताओं की वजह से काफी अहम कीड़े माने जाते हैं।

किन स्थानों पर पाए जाते हैं स्टैग बीटल

रिसर्च के अनुसार स्टैग बीटल गर्म उष्णकटिबंधीय वातावरण में पनपते हैं। इनके लिए ठंडे इलाकों में जीवन बिताना मुश्किल साबित होता है। स्टैग बीटल अधिकतर वुडलैंड्स में पाए जाते हैं। ये कीड़े बगीचों और शहरी क्षेत्र के पार्कों में भी पाए जाते हैं, जहां पर सूखी लकड़ी बड़ी तादाद में होती है। स्टैग बीटल के लार्वा सूखी लकड़ी को ही अपना भोजन बनाते हैं। ये कीड़े विशेषतौर पर सूखी लकड़ी ही खाते हैं। ऐसे में स्टैग बीटल हरे पेड़ों या झाड़ियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। 

PTC NETWORK
© 2024 PTC Bharat. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network