Thursday 19th of September 2024

Paris Olympics 2024: 52 साल का सूखा खत्म, भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया 3-2 से दी मात

Reported by: PTC Bharat Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  August 02nd 2024 07:03 PM  |  Updated: August 02nd 2024 07:03 PM

Paris Olympics 2024: 52 साल का सूखा खत्म, भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया 3-2 से दी मात

ब्यूरोः भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस में पूल बी मैच में जीत के साथ ओलंपिक खेलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 साल का सूखा खत्म किया। हरमनप्रीत सिंह की टीम ने मौजूदा ओलंपिक खेलों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए शक्तिशाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को 3-2 से हराया। यह ग्रुप चरण में भारत की तीसरी जीत थी और इसने पूल में भारत का दूसरा स्थान पक्का कर दिया।

भारत ने जोरदार दबाव बनाया और गेंद पर नियंत्रण भी बनाए रखा। मेन इन ब्लू के लिए एक और सकारात्मक संकेत यह रहा कि स्ट्राइकर अभिषेक ने 12वें मिनट में मैदान से पहला गोल किया। कप्तान हरमनप्रीत ने अगले मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। ऑस्ट्रेलिया ने 25वें मिनट में एक गोल करके बराबरी कर ली जब क्रेग ने भारतीय गोलकीपर एस श्रीजेश को छकाते हुए गोल किया। हाफटाइम तक भारत 2-1 से आगे था।

अगले हाफ में आते ही भारतीयों ने अपनी तीव्रता बरकरार रखी। हरमनप्रीत ने 32वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 55वें मिनट में गोवर्स ब्लेक के गोल से वापसी कर ली।

आखिरी क्वार्टर भारत के नाम

ऑस्ट्रेलिया पूरी तरह से खेल से बाहर नहीं हुआ था। वह आखिरी क्वार्टर में दो गोल करके वापसी कर सकती थी। ऐसा तो नहीं हुआ, उल्टा टीम इंडिया ने इस क्वार्टर में चौथा गोल कर दिया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण टीम इंडिया का यह गोल रद्द हो गया। ऑस्ट्रेलिया अंतिम 5 मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक लेने में सफल रहा और इस बार गोवर्स ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद टीम इंडिया ज्यादा सतर्क रही और बराबरी का गोल नहीं होने दिया और जीत हासिल की।

PTC NETWORK
© 2024 PTC Bharat. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network