Thursday 4th of July 2024

Punjab: अमृतपाल सिंह के बाद एक और खालिस्तानी समर्थक लड़ेगा इलेक्शन, जेल में है साथ

Reported by: PTC Bharat Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  June 26th 2024 03:28 PM  |  Updated: June 26th 2024 03:32 PM

Punjab: अमृतपाल सिंह के बाद एक और खालिस्तानी समर्थक लड़ेगा इलेक्शन, जेल में है साथ

ब्यूरो: 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह के समर्थक भगवंत सिंह उर्फ प्रधान मंत्री बाजेके ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस बात की घोषणा उनके बेटे आकाशदीप सिंह ने इंस्टाग्राम पर लाइव होकर की थी। भगवंत सिंह ने यह निर्णय अमृतपाल सिंह के खडूर साहिब से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद लिया है। प्रधान मंत्री बाजेके गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यहीं से उनका राजनीतिक करियर शुरू हो रहा है। बाजेके किसान आंदोलन में भी काफी सक्रिय रहे हैं। वह अक्सर किसानों के आंदोलनों के वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के साथ साझा करते रहते हैं। राजा वड़िंग के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई है। जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गिद्दड़बाहा सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। अब सांसद बनने के बाद इस सीट पर विधानसभा उपचुनाव होने वाला है।

अमृतपाल सिंह के साथ डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं प्रधान मंत्री बाजेके

भगवंत सिंह उर्फ प्रधान मंत्री बाजेके अमृतपाल सिंह के साथ डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतपाल सिंह के करीबी भगवंत सिंह बाजेके को पुलिस ने 18 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस बाजेके का पीछा कर रही थी तो वह फेसबुक पर लाइव हो गए थे। मोगा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें पकड़। यदि बाजेके चुनाव लड़ते हैं, तो उन्हें भी जेल से ही चुनाव लड़ना पड़ेगा। पंजाब की खडूर साहिब सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए अमृतपाल सिंह और भगवंत सिंह बाजेके को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया था। प्रधान मंत्री बाजेके के नाम की घोषणा के बाद माहौल काफी गर्म है।

अब तक पंजाब की गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रमुख नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग विधायक थे। भगवंत सिंह उर्फ प्रधान मंत्री बाजेके के नाम की घोषणा होने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। इस सीट पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह की तरह प्रधान मंत्री बाजेके भी जीतते हैं या नहीं।

कौन हैं भगवंत सिंह उर्फ प्रधान मंत्री बाजेके?

एनएसए के तहत अमृतपाल सिंह के साथ डिब्रूगढ़ जेल में बंद प्रधान मंत्री बाजेके गांव मोगा के धर्मकोट के निवासी हैं। पिछले सप्ताह जब भगवंत सिंह की तबीयत खराब हो गई थी तो परिवार ने उन्हें पंजाब की जेल में रखने की मांग की थी।

8वीं पास हैं भगवंत सिंह, पास है 4 एकड़ जमीन  

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, भगवंत सिंह 8वीं पास हैं। उनके पास 4 एकड़ जमीन और एक घर भी है। उन्हें अक्सर सोशल मीडिया पर लोगों को गालियां देते हुए देखा जाता है और गांव के लोगों के साथ भी  उनके संबंध अच्छे नहीं हैं। अमृतपाल सिंह के संपर्क में आने के बाद भगवंत सिंह के खिलाफ सार्वजनिक रूप से हथियारों की निशानदेही करने का मामला दर्ज किया गया था। उनके पास कोई हथियारों का लाइसेंस नहीं था, साथ ही भगवंत सिंह के खिलाफ अब तक कुल 8 मामले दर्ज हैं।

PTC NETWORK
© 2024 PTC Bharat. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network