Saturday 6th of July 2024

Weather Update: पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए हीटवेव अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Reported by: PTC Bharat Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  April 22nd 2024 12:40 PM  |  Updated: April 22nd 2024 12:40 PM

Weather Update: पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए हीटवेव अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

ब्यूरो: देश में भीषण गर्मी पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आईएमडी ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की भविष्यवाणी की है।

आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी राज्यों में पिछले सप्ताह तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। दिल्ली में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में इसमें 1 से 2 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त पूर्वी भारत में इस सप्ताह तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

भारत में लू की बनी स्थिति 

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि भारत में इस समय लू की स्थिति बनी हुई है और अगले 4-5 दिनों में यह और भी तीव्र हो सकती है। उन्होंने बढ़ते तापमान के कारण पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट का जारी किया। ओडिशा में रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, अगले 4 दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहने की उम्मीद है, जहां पूर्वी राज्यों में सोमवार को तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। वहीं बिहार में अगले 5 दिनों तक लू का सामना करना पड़ सकता है, झारखंड पर भी खतरा मंडरा सकता है।

दक्षिणी राज्यों में गर्म मौसम की चेतावनी

केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिणी राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों के लिए "गर्म और आर्द्र" मौसम की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि इन क्षेत्रों में फिलहाल कोई लू की स्थिति सामने नहीं आई है। 

PTC NETWORK
© 2024 PTC Bharat. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network