Tuesday 17th of September 2024

Lok Sabha Election 2024: रायबरेली के साथ गांधी परिवार का रिश्ता होगा और मजबूत: मुकेश अग्निहोत्री

Reported by: PTC Bharat Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  May 14th 2024 05:55 PM  |  Updated: May 14th 2024 05:55 PM

Lok Sabha Election 2024: रायबरेली के साथ गांधी परिवार का रिश्ता होगा और मजबूत: मुकेश अग्निहोत्री

ब्यूरोः हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गांधी परिवार की परंपरागत सीट रायबरेली में पहुंचकर कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ,कांग्रेस के स्टार प्रचारक, रायबरेली सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी राहुल गांधी के समर्थन में प्रचार किया। रायबरेली पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत किया। मुकेश अग्निहोत्री ने राहुल गांधी के समर्थन में अपने जनसंपर्क अभियान किया। मुकेश ने कहा कि विकास को आगे बढ़ाना, रोजगार देना, खुशहाली लाना यह कांग्रेस का लक्ष्य है। वही तानाशाही को खत्म करना हमारा प्रण है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रायबरेली के साथ गांधी परिवार का दिल का रिश्ता रहा है राहुल गांधी इस रिश्ते को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी को रायबरेली में प्यार व स्नेह दिया। वही अपनापन राहुल गांधी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने लंबे समय तक रायबरेली का प्रतिनिधित्व किया लेकिन कभी पद की लालसा नहीं रखी, विकास करवाया, प्रधानमंत्री पद तक को त्याग दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संघर्ष कर रहे हैं तानाशाही के विरुद्ध लड़ाई लड़ रहे हैं और बिना किसी पद के अपने संघर्ष को देश के हित में आगे कर रहे हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने 4000 किलोमीटर पैदल यात्रा कर भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत किया, जनता की दुख तकलीफ को समझाम उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के दरबार में चंद कदम पैदल चलने का साहस नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि चंद् पूंजीपतियों को अमीर करने वाले प्रधानमंत्री ने गरीबों की कोई सुध नहीं ली गरीब को और गरीब कर दिया, देश के हालात खराब किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत का रुपया कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा करने वाले आज युवाओं की बेरोजगारी पर खामोश है। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के सम्मान में ₹1लाख देने की बात कही है, कर्मचारियों को ओपीएस दी जा रही है, युवाओं को रोजगार देने की बात कही है, किसान का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश को खुशहाल बनाने का काम कांग्रेस करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के प्रचार से भाजपा के होश उड़े हैं, भाजपा ने जिस प्रकार से प्रचार को धर्म के आधार पर करने का काम किया है उसे साफ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी डर के साए में हो गए हैं, सत्ता खोने का डर उन्हें सताने लगा है। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि काला धन क्यों वापस नहीं आया? उस पर क्यों भाजपा खामोश है? यह जवाब देना चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने राम मंदिर के ताले खुलवाए थे आज भव्य मंदिर बना है सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद यह देश की आस्था का केंद्र है भगवान श्री राम सबकी आस्था का केंद्र है. उन्होंने कहा कि हताशा में जो लोग आज ताले की बात कर रहे हैं, उन्हें याद रख लेना चाहिए की जो ताले स्वर्गीय राजीव गांधी ने खुलवाये उन पर कोई ताला नहीं लग सकता।

आरक्षण कांग्रेस की देन, भाजपा चाहती है खत्म करना 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में आरक्षण कांग्रेस की देन है, कांग्रेस ने हर वर्ग के हित का ध्यान रखते हुए आरक्षण की सुविधा दी। उन्होंने कहा कि आज आरक्षण पर जिस प्रकार से धर्म विशेष को लेकर के बोला जा रहा है, उससे साफ है कि भाजपा में खलबली है। उन्होंने कहा कि आरक्षण जारी रहेगा, लेकिन भाजपा की मंशा कई बार सामने आ चुकी है कि आरक्षण को खत्म करने की इच्छा भाजपा रखती है।

भाजपा ने बरसाई किसान पर लाठी, कांग्रेस करेगी कर्ज माफ 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि किसान व बागवान खुशहाल हो इसके लिए कांग्रेस की सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि देश में किसान आज भी आंदोलन कर रहे हैं, उनसे कोई वार्ता नहीं हो रही है किसानों ने जब-जब आंदोलन किया भाजपा की सरकार ने उन पर डंडे बरसाए, गोलियां चलाई।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने पर किसान जो अन्नदाता का कर्ज माफ कर उन्हें राहत प्रदान करेंगी।

मित्रों की हुई अरबों की कर्ज माफी 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कर्ज माफी पर सवाल उठाया है, भाजपा इसका जवाब नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि अरबों की कर्ज माफी की गई है। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा लुटाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार को बताना चाहिए कि कितने लोगों का कर्ज माफ किया है और कितने ही गरीब लोगों ने कर्ज के कारण आत्महत्या कर ली है।

महंगाई पर जनता को भाजपा मोदी जबाब दे 

मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रायबरेली में अपने तेबरों को आक्रमक करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई पर जवाब दें कि किस प्रकार से महंगाई बड़ी है, देश की जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बहुत बढ़ रहा। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुएं महंगी हुई है ,किराए महंगे हुए हैं ,देश की संपत्तियों को चंद लोगों को बेचा गया है, 10 वर्षो से पेट्रोल डीजल लगातार 100 के आसपास चल रहे हैं ,उन्होंने कहा कि जनता का जीना दुर्भर हुआ है।

अंग्रेजों से महात्मा गांधी लड़े, अब तानाशाही से राहुल गांधी लड़ रहे 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में बेखोफ लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता की आवाज को उठा रहे हैं, ऐसे समय में जब तानाशाही काम कर रही है, जब विपक्ष को दबाने का काम हो रहा है, नेताओं को जेल में डाला जा रहा है ,एजेंसीयों का डर दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान को तार-तार किया जा रहा है, कानून को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में संविधान को बचाने के लिए, लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी डटकर मुकाबला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करने के लिए सभी शहीदों और देशभक्ति के साथ महात्मा गांधी ने लड़ाई लड़ी तो वहीं अब तानाशाही के विरुद्ध राहुल गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं जिसमें जीत हासिल होगी।

लिखकर ले ले 400 पार नारे की हवा निकल गई है 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश की हवा बता रही है कि भाजपा के 400 पर नारे की हवा निकल गई है। उन्होंने कहा की हालत यह है कि भाजपा को भी पूर्ण बहुमत नही मिलेगा, इसको लेकर के भी प्रश्न चिन्ह खड़े हो गए हैं। मुकेश ने कहा कि देश में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने की प्रबल संभावनाएं हो गई है। उन्होंने कहा कि इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरे हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लिखकर ले ले भाजपा के 400 पर नारे की हवा निकल गई है।

PTC NETWORK
© 2024 PTC Bharat. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network