8 राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट, रोहतक में सबसे ज्यादा 48.8º तापमान, आज शाम तक केरल पहुंच सकता है मानसून

By  Rahul Rana May 30th 2024 11:54 AM

ब्यूरो: आज नौतपा का छठा दिन है। नौतपा के पांचवें दिन हरियाणा के रोहतक में सबसे ज्यादा 48.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बुधवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 52.3 डिग्री पहुंच गया है।

लेकिन, रात को IMD ने बताया कि दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर तापमान 45.2 डिग्री से 49.1 डिग्री के बीच रहा। 52.3 डिग्री का डेटा गलत था। दिल्ली में हीटवेव के बीच शाम को बारिश भी गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, ओडिशा में हीटवेव का रेड अलर्ट है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है।

मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को बताया था कि मानसून अगले 24 घंटे में यानी गुरुवार शाम तक केरल तट से टकरा सकता है। अगले एक हफ्ते में यह देश के बाकी हिस्सों में पहुंच सकता है। 26 मई को बंगाल में आए तूफान रेमल का असर असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में है। यहां 1 जून तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मध्यप्रदेश में नौतपा के 4 दिन में ग्वालियर, चंबल, मालवा-निमाड़ खूब तपे हैं। IMD ने बुधवार को ग्वालियर, निवाड़ी समेत 18 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 21 जिलों में लू का ऑरेंज और यलो अलर्ट है। निवाड़ी जिले का पृथ्वीपुर लगातार 2 दिन से सबसे हॉट है। मंगलवार को यहां टेम्परेचर 48.5 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को यह 48.7 डिग्री रहा था।

राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के 20 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। उदयपुर समेत प्रदेश के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज धूप और लू के थपेड़े दिन के साथ रात में भी आम जनता को परेशान करेंगे। मंगलवार को गर्मी से 16 लोगों की मौत हुईं। अब तक गर्मी से कुल 51 लोगों की मौत हो गई है।

संबंधित खबरें