Swati Maliwal Assault Case: लखनऊ एयरपोर्ट पर बिभव कुमार के साथ दिखे केजरीवाल, BJP बोली- निजी सहायक को बचा रहे दिल्ली CM

By  Deepak Kumar May 16th 2024 11:16 AM

ब्यूरोः लखनऊ में आज इंडिया गठबंधन के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस है। इसी को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल लखनऊ में हैं। केजरीवाल को गुरुवार सुबह लखनऊ हवाई अड्डे पर पार्टी नेता संजय सिंह और विभव कुमार के साथ देखा गया था।  लखनऊ एयरपोर्ट पर केजरीवाल के साथ विभव कुमार की फोटो वायरल होने के बाद भाजपा ने हमला किया है। बता दें विभव कुमार पर सीएम हाउस में स्वाति मालीवाल से मारपीट करने का आरोप है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने विभव कुमार के साथ केजरीवाल, संजय सिंह और अन्य आप नेताओं की तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री अपने निजी सहायक को बचा रहे हैं और उसके साथ घूम रहे हैं।


बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया और उनके साथ हिंसा की गई। पूनावाला ने कहा कि यह स्पष्ट है: स्वाति मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया था, शीश महल अपराध महल है और द्रौपदी चीरहरण की तरह - एक महिला राज्यसभा सांसद पर हिंसा, हमला किया गया था।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मालीवाल को अब उनकी पार्टी चुप रहने या अपनी कहानी बदलने के लिए मजबूर कर रही है, यही कारण है कि उन्होंने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। पूनावाला ने कहा कि अब उन पर चुप रहने या अपनी कहानी बदलने के लिए दबाव डाला जा रहा है, जैसा कि AAP के नवीन जयहिंद और नितिन त्यागी के बयानों से स्पष्ट है, इसलिए उन्होंने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है। AAP का असली चेहरा - महिला विरोधी अराजकतावादी पार्टी।

बता दें मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने स्वीकार किया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार ने सोमवार को सीएम आवास पर मालीवाल पर हमला किया था।

संबंधित खबरें