PM मोदी ने झारखंड में 6 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ

By  Rahul Rana September 15th 2024 12:18 PM

ब्यूरो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (15 सितंबर) को झारखंड के टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और 660 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखी तथा उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। राज्य भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने बताया कि उनका शहर में एक रोड शो भी करने का कार्यक्रम था, लेकिन शहर में भारी बारिश के कारण इसे रद्द कर दिया गया।



उन्होंने टाटानगर में 20,000 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।



रेल मंत्रालय के अनुसार, विभिन्न स्थानों के लिए छह नई वंदे भारत ट्रेनें तेज कनेक्टिविटी, सुरक्षित यात्रा और यात्रियों के लिए कई तरह की सुविधाएं प्रदान करती हैं।

मंत्रालय ने बयान में कहा कि ये नई ट्रेनें इस आधुनिक नवाचार के तेजी से बढ़ते बेड़े को भी मजबूती देंगी। मौजूदा समय में यह संख्या 54 से बढ़कर 60 हो गई है। ये ट्रेनें प्रतिदिन 120 ट्रिप के साथ 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 280 से अधिक जिलों को कवर करेंगी।

नई वंदे भारत ट्रेनों के रूट 

टाटानगर-पटना 

भागलपुर-दुमका-हावड़ा 

ब्रह्मपुर-टाटानगर 

गया-हावड़ा 

देवघर-वाराणसी 

राउरकेला-हावड़ा 

रेल मंत्रालय के अनुसार, 'मेक इन इंडिया' अभियान की एक प्रमुख परियोजना के रूप में ये सेमी-हाई स्पीड ट्रेनें आधुनिक, कुशल और विश्व स्तरीय रेल प्रणाली के लिए भारत की महत्वाकांक्षा का प्रतीक हैं। पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 15 फरवरी, 2019 को हुआ था। मंत्रालय ने कहा कि यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति तक पहुंचने में सक्षम है, जो लाखों यात्रियों को एक अद्वितीय यात्रा अनुभव प्रदान करती है। रेल मंत्रालय ने कहा, आज तक (14 सितंबर, 2024) 54 ट्रेनों (108 सेवाओं) के बेड़े के साथ, वंदे भारत ने कुल मिलाकर लगभग 36,000 यात्राएं पूरी की हैं और 3.17 करोड़ से अधिक यात्रियों को ले जाया है।

संबंधित खबरें