मणिपुर CM के काफिले पर उग्रवादियों ने घात लगाकर किया हमला, एक जवान घायल

By  Deepak Kumar June 10th 2024 02:47 PM -- Updated: June 10th 2024 02:54 PM

ब्यूरोः आज यानी सोमवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के अग्रिम सुरक्षा काफिले पर कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला किया। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिरीबाम जिले की ओर जा रहा था काफिला

जानकारी के अनुसार ये हमला तब हुआ, जब सीएम का काफिला हिंसा प्रभावित जिरीबाम जिले की ओर जा रहा था। इस दौरान उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों के वाहनों पर कई गोलियां चलाई गईं। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की और राष्ट्रीय राजमार्ग 53 के किनारे कोटलेन गांव के पास गोलीबारी जारी रही। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मुख्यमंत्री के दौरे की वजह

दिल्ली से इंफाल लौट रहे मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए जिरीबाम जाने की योजना बनाई थी। शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने जिरीबाम में 2 पुलिस चौकियों, एक वन बीट कार्यालय और कम से कम 70 घरों को आग के हवाले कर दिया।

 क्षेत्र में बढ़ा तनाव

बता दें यह हमला क्षेत्र में बढ़ती हिंसा के बीच हुआ है। 6 जून को 59 वर्षीय मैतेई किसान सोइबाम सरतकुमार सिंह का शव मिलने के बाद तनाव बढ़ गया था, जो कई सप्ताह से लापता था। इसके कारण हिंसा में वृद्धि हुई और सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग की गई।

संबंधित खबरें