Mumbai Hoarding Collapse: मुंबई में आंधी में पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा गिरा होर्डिंग, 14 लोगों की मौत, 74 घायल

By  Deepak Kumar May 14th 2024 12:18 PM

ब्यूरोः मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा बिलबोर्ड गिर गया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 74 लोग घायल हो गए। इस हादसे में अब तक 88 लोगों को बचाया गया है और उनमें से कम से कम 31 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 


हादसे के फौरन बाद मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बिलबोर्ड अवैध था जो तेज हवा और बारिश के बीच घाटकोपर के चेड्डानगर जंक्शन पर एक पेट्रोल पंप पर उखड़ गया और गिर गया। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शाम को हादसे का जायजा लेने पहुंचे थे।


 शवों को बाहर निकाल लिया गया है: एनडीआरएफ

एनडीआरएफ आपदा मित्र बचावकर्मी ने कहा कि लगभग 80 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और लगभग सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि वहां एक लाल कार है जो गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है, हमें संदेह है कि कार के अंदर कुछ लोग फंसे हुए हैं। इस बीच, मुंबई पुलिस ने घटना के बाद एगो मीडिया के मालिक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने कहा कि मामला पंतनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है और जांच जारी है।


सरकार घायलों के इलाज का सारा खर्च उठाएगीः सीएम शिंदे 

घटना पर संज्ञान लेते हुए, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और संबंधित अधिकारियों को मुंबई में ऐसे सभी होर्डिंग्स का ऑडिट करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। सीएम शिंदे ने यह भी कहा कि सरकार घायलों के इलाज का सारा खर्च उठाएगी।


घटना पर राष्ट्रपति मुर्मू की प्रतिक्रिया

इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में होर्डिंग गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं तथा राहत और बचाव कार्य की सफलता की कामना करती हूं।

संबंधित खबरें