आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, राष्ट्रीय राजधानी की बनीं तीसरी महिला CM

By  Deepak Kumar September 21st 2024 06:26 PM

ब्यूरोः शनिवार को राज निवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आतिशी ने अपने नए मंत्रिपरिषद के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पार्टी की ओर से घोषित नए मंत्रिपरिषद में सुल्तानपुर माजरा के विधायक मुकेश अहलावत के अलावा गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन शामिल हैं। इस मौके पर दिल्ली के पूर्व सीएम और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ पार्टी के कई नेता मौके पर मौजूद रहे।


राष्ट्रीय राजधानी की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं आतिशी

आप विधायकों ने इस सप्ताह की शुरुआत में बैठक की और सर्वसम्मति से आतिशी को सत्तारूढ़ विधायक दल का नेता चुना। आतिशी देश की 17वीं महिला मुख्यमंत्री बनीं और दिवंगत सुषमा स्वराज और दिवंगत शीला दीक्षित के बाद राष्ट्रीय राजधानी की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं। 

राष्ट्रपति ने 5 मंत्रियों की नियुक्ति को दी मंजूरी

शुक्रवार शाम को उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ ग्रहण की तिथि से आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने 5 मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है। हालांकि, आतिशी का कार्यकाल संक्षिप्त होगा क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

संबंधित खबरें