झारखंड में बोले खरगे, केंद्र में भाजपा सरकार का वापस आना नामुमकिन

By  Deepak Kumar May 13th 2024 07:23 PM

ब्यूरोः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जमीनी रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव में पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के पक्ष में जोरदार वोटिंग हो रही है। इस बार भाजपा सरकार का वापस आना नामुमकिन है। नरेंद्र मोदी 400 पार कहते हैं। लेकिन जब देश के हर राज्य में भाजपा की सीटें कम हो रही हैं तो 400 पार कैसे हो सकता है। मोदी सिर्फ लोगों को गुमराह कर रहे हैं, क्योंकि इस बार भाजपा हार रही है।


झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा-आरएसएस देश के संविधान और आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं। अगर देश में संविधान खत्म हो गया तो जनता गुलाम बन जाएगी। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में अंग्रेज आए थे, उनसे हम लड़े तो वो यहां से चले गए। अब नया तानाशाह आया है, जो लोगों को डराता-धमकाता है। हेमंत सोरेन को भी डराने की कोशिश की, लेकिन वो भाजपा के साथ नहीं गए तो उन्हें जेल भेज दिया गया। इसीलिए ये चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। यदि इस बार भाजपा चुनाव जीती तो अगली बार चुनाव नहीं होंगे। भाजपा नहीं चाहती कि गरीबों का कल्याण हो। खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से किए गए वादे कभी पूरे नहीं हुए। युवा आज बेरोजगार घूम रहा है। खेती-किसानी महंगी हो गई। किसानों के भले की बात करने वाले मोदी जी ने उस मंत्री को फिर टिकट दे दिया, जिसके बेटे ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों को गाड़ी से रौंदा था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को घेरा

भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि कांग्रेस ने अडानी-अंबानी पर बात करना बंद कर दिया है। क्योंकि अडानी-अंबानी ने कांग्रेस को टेम्पो में पैसे भेजे हैं। अगर अडानी-अंबानी टेम्पो में भरकर काला धन दे रहे हैं, तो मोदी क्या कर रहे हैं। मोदी के पास ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग हैं। बिना सबूत के हेमंत सोरेन को पकड़ लिया जाता है, तो अडानी-अंबानी को क्यों नहीं पकड़ा जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना योजना के जरिए चंदा लिया। भाजपा ने चंदा लेकर कंपनियों को धंधा दिया। आज भाजपा दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई है। यह पैसा कहां से आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन विपक्षी नेताओं को भ्रष्ट कहा था, वह भ्रष्टाचारी अब उनकी बगल में बैठे हैं। भाजपा में जाने के बाद यह नेता स्वच्छ हो गए। गृहमंत्री अमित शाह के पास एक वॉशिंग मशीन है, जिसमें कलंकित आदमी साफ हो जाता है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस घोषणा पत्र के वादे भी गिनाते हुए जनता से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। इस दौरान झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कल्पना सोरेन समेत इंडिया गठबंधन के अनेक नेता मौजूद रहे।

संबंधित खबरें