छत्तीसगढ़ के CM विष्णु देव साय का राहुल गांधी पर तंज, "खटाखट" पर दिया ऐसा जवाब

By  Deepak Kumar July 19th 2024 02:45 PM -- Updated: July 19th 2024 04:44 PM

ब्यूरोः दिल्ली में हुए पाञ्चजन्य सुशासन संवाद में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर तंज कसा है। विष्णु देव साय का कहना है कि डबल इंजन की सरकार में खटाखट नहीं, बल्कि सांय-सांय सारे काम हो रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका मतलब नहीं समझती होगी, लेकिन हमारे राज्य मगर हमारे छत्तीसगढ़ में इसे सांय-सांय कहा जाता है। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में सब सांय-सांय हो रहा है और जनता इसे देख रही है। 

लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल दिया था ये बयान

बता दें कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने खटाखट वाला बयान दिया था। इस बयान की काफी चर्चा होने लगी थी। राहुल ने कहा था कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही सबसे खातों में खटाखट-खटाखट पैसा आएगा। महिलाओं के खाते में खटाखट-खटाखट एक लाख रुपये आएंगे। हर माह की पहली तारीख को इसके बाद खटाखट खटाखट खाते के अंदर। राहुल गांधी के इसी बयान को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसा। 

मुख्यमंत्री ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि उनका नाम महादेव एप सहित कई घाटालों में आ रहा है। हम अच्छा काम कर रहे हैं, तो उन्हें बुरा लग रहा है। विष्णु देव साय ने कहा कि उनके शासन में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार, लूट और डकैती की भरमार थी। इसके कारण जनता काफी दुखी हो गई थी। वहीं, हमारी नीति और नियति बिल्कुल ठीक है और हम प्रदेश को आगे ले जाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। हम राज्य से नक्सलवाद की समस्या को खत्म करके दिखाएंगे। इसके बाद प्रदेश में टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।

संबंधित खबरें