Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बोले- प्रधानमंत्री मोदी झूठों के सरदार

By  Naveen Negi May 5th 2024 10:51 PM

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को पश्चिम बंगाल में सुजापुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

खड़गे ने कहा, अगर जनता अपने हक के लिए खड़ी नहीं हुई तो लोकतंत्र और संविधान खत्म हो जाएगा। ये खतरे की घंटी है।भाजपा सरकार फिर से सत्ता में आई तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाह बन जाएंगे। देश को बर्बाद और भाईचारे को खत्म कर देंगे।

उन्होंने कहा, पंडित जवाहर लाल नेहरू ने लोकतंत्र को मजबूती दी। बाबा साहब अंबेडकर जी ने देश को संविधान दिया, जिसका हम सभी को पालन करना चाहिए, लेकिन नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं करते, वे बस कांग्रेस को बुरा-भला कहकर आगे बढ़ना चाहते हैं। कांग्रेस ने देश में मनरेगा शुरू किया, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाई और शिक्षा का अधिकार दिया।  

खड़गे ने कहा, नरेंद्र मोदी झूठों के सरदार हैं, वह सिर्फ झूठ बोलते हैं। बच्चों जैसी बातें करते हैं। वो कह रहे हैं कि कांग्रेस जातिगत जनगणना कर महिलाओं का मंगलसूत्र तक छीन लेगी। देश में 55 साल कांग्रेस की सरकार रही, क्या कांग्रेस ने किसी का मंगलसूत्र छीना। मोदी बोलते हैं कि कांग्रेस देश की संपत्ति गरीबों और मुसलमानों को बांटना चाहती है, अगर प्रधानमंत्री ऐसा कहता है तो क्या वो इस देश में हुकूमत करने लायक है।

उन्होंने कहा, कांग्रेस ने तो हमेशा देश के विकास के लिए काम किया है। बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ, कांग्रेस ने गांव-गांव में बैंकों की शाखा खोली और गरीबों को लोन दिलाए। तब भी आरएसएस-भाजपा विरोध करते थे और अफवाह फैलाते थे कि कांग्रेस अमीरों की संपत्ति हड़प रही है। 

 कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मोदी कह रहे हैं कि पाकिस्तान राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहता है। ऐसी बातें करके मोदी भ्रम फैला रहे हैं और लोगों को भड़का रहे हैं। अगर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे तो हिंदुस्तान के लोग बनाएंगे। मोदी जनता को भड़काने का काम कर रहे हैं। आज देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। कमर तोड़ महंगाई से जनता परेशान है। मोदी अनपढ़ को अनपढ़ रखना चाहते हैं, गरीब को गरीब रखना चाहते हैं, दबाना और कुचलना चाहते हैं।


संबंधित खबरें